-परिखरा मार्ग पर जलजमाव से लोगों बलियाका जनजीवन अस्त-व्यस्त, ग्रामीणों ने खुद संभाली सफाई की जिम्मेदारी
बलिया। बलिया–बांसडीह मुख्य सड़क पर स्थित परिखरा गांव में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर लंबे समय से जलजमाव और कीचड़ की गंभीर समस्या बनी हुई है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि स्थानीय लोगों को खुद फावड़ा और बेलचा लेकर सड़क पर जमा कीचड़ साफ करने के लिए उतरना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव के कारण सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, जबकि राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और स्थानीय दुकानदारों को हो रही है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, वहीं सड़क किनारे की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि जलजमाव के कारण उनका कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। मजबूर होकर ग्रामीणों ने स्वयं सड़क पर जमा कीचड़ हटाने और रास्ता साफ करने का अभियान शुरू किया।
मोहम्मद तौहीद खान की रिपोर्ट
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि परिखरा में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कर सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि आम जनता, स्कूली बच्चों, दुकानदारों और यात्रियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
Post a Comment