नहीं उठेगा बड़ा ताजिया का जुलूस प्रयागराज का ऐतिहासिक बड़ा ताजिया का जुलूस इस बार नहीं उठेगा
रिपोर्ट जुबैर अहमद
इमामबाड़े पर जाकर ही पढ़ना पड़ेगा फातेहा:
प्रयागराज : मोहर्रम के पर्व पर इस वर्ष प्रयागराज के ऐतिहासिक बड़ा ताज़िया का पारंपरिक जुलूस नहीं निकाला जाएगा। इस संबंध में बड़ा ताजिया मोहर्रम कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक कमेटी अध्यक्ष रेहान खान की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया है।
इस बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस बार 9वीं और 10वीं मोहर्रम को न तो बड़ा ताजिया सड़क पर निकलेगा और न ही पारंपरिक रूप से उसे उठाया जाएगा। हालांकि, श्रद्धालु और ज़ायरीन बड़ा ताज़िया के इमामबाड़े पर जाकर ज़ियारत कर सकेंगे और फ़ातेहा पढ़ सकेंगे।
कमेटी के सचिव इमरान खान ने बताया कि 10वीं मोहर्रम के दिन ताजिए के फूलों को वाहन में रखकर कर्बला ले जाया जाएगा, जहां धार्मिक परंपरा के साथ उन्हें दफ़न किया जाएगा।
इस बैठक में राहिल खान, सुहैल अहमद, फरहत खान आदि कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
कमेटी ने सभी से आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए धार्मिक परंपराओं का पालन करने की अपील की है।

Post a Comment