दिनांक: 03 जून 2026
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में 4 जून को देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान
भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरदार गुरनाम सिंह चढूनी ने देश के किसान संगठनों, मजदूर संगठनों, सामाजिक संगठनों एवं जनहित से जुड़े सभी वर्गों से आह्वान किया है कि वे 4 जून को भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में अपने-अपने जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन आयोजित करें।
सरदार गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि 1 जून से 4 जून तक अमेरिका का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत सरकार के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते (ट्रेड डील) को लेकर बातचीत कर रहा है। इस समझौते का सीधा असर देश के किसानों, डेयरी उत्पादकों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों तथा आम नागरिकों पर पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार को किसी भी विदेशी दबाव में आकर ऐसा कोई समझौता नहीं करना चाहिए, जिससे देश की कृषि व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा, डेयरी क्षेत्र और ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो। भारत का किसान पहले ही बढ़ती लागत, कम कीमतों और अनेक आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में विदेशी कंपनियों और बड़े कृषि कारोबारियों को लाभ पहुंचाने वाली किसी भी नीति का किसानों द्वारा विरोध किया जाएगा।
सरदार गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि देश के किसान और आम जनता यह जानना चाहते हैं कि प्रस्तावित ट्रेड डील की शर्तें क्या हैं और इससे देश के कृषि एवं डेयरी क्षेत्र पर क्या प्रभाव पड़ेगा। सरकार को इस विषय पर पूर्ण पारदर्शिता बरतनी चाहिए तथा किसानों और संबंधित पक्षों से व्यापक चर्चा के बाद ही कोई निर्णय लेना चाहिए।
भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) सभी किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी, छात्र, युवा एवं सामाजिक संगठनों से अपील करती है कि वे 4 जून को अपने-अपने क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन आयोजित करें तथा ट्रेड डील के विरोध में केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करें। कई स्थानों पर प्रतीकात्मक रूप से सरकार के पुतले दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
चोधरी अजयपाल सिंह की रिपोर्ट
सरदार गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि यह लड़ाई केवल किसानों की नहीं बल्कि देश की आर्थिक संप्रभुता, खाद्य सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है। इसलिए सभी संगठनों को एकजुट होकर इस मुद्दे पर अपनी आवाज उठानी चाहिए

Post a Comment