17.6.2026*
किसानों की विद्युत समस्याओं के समाधान हेतु ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष पं सचिन शर्मा ने सौंपा ज्ञापन
लखनऊ। भारतीय किसान यूनियन (अनाज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सचिन शर्मा ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा से भेंट कर प्रदेश के किसानों की विद्युत संबंधी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
चौधरी अजय पाल सिंह की रिपोर्ट
ज्ञापन के माध्यम से किसानों को कृषि फीडरों पर न्यूनतम 18 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति, निजी नलकूपों पर लगाए गए स्मार्ट मीटरों की तकनीकी जांच, गलत बिलिंग की शिकायतों के निस्तारण, बकाया विद्युत बिलों पर अधिभार माफी, निःशुल्क बिजली योजना का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचाने, लंबित नलकूप कनेक्शनों के शीघ्र निस्तारण, विजिलेंस टीमों द्वारा किसानों के उत्पीड़न पर रोक, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत सोलर पंपों पर अधिकतम अनुदान तथा कृषि क्षेत्र पर अतिरिक्त विद्युत भार न डाले जाने जैसी प्रमुख मांगें उठाई गईं।
सचिन शर्मा ने कहा कि प्रदेश का किसान आज भी सिंचाई एवं कृषि कार्यों के लिए विद्युत व्यवस्था की अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। यदि किसानों को समय पर पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो जाए तो कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। उन्होंने सरकार से किसान हित में तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर विभागीय स्तर पर आवश्यक परीक्षण एवं कार्यवाही कराई जाएगी।
*भारतीय किसान यूनियन (अनाज) ने ऊर्जा मंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि किसानों से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।*


Post a Comment